आगामी कांवड़ मेले को देखते हुए मेला प्रशासन ने रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। कांवड़ियों की सुरक्षा, निर्बाध आवागमन और प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों को सभी कार्य मेला शुरू होने से पहले पूर्ण करने तथा संभावित जोखिम वाले स्थलों का तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।
मेला अधिकारी सोनिका के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक निशा यादव एवं अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती के नेतृत्व में पुलिस, मेला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने गुरुवार को रोड़ी बेलवाला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माणाधीन एडमिन रोड, बॉक्स कल्वर्ट पुल और आसपास के क्षेत्रों में चल रहे कार्यों तथा प्रस्तावित यातायात व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण एजेंसियों को एडमिन रोड पर पड़ी निर्माण सामग्री और मलबा तत्काल हटाने, सड़क के गड्ढों को भरकर समतलीकरण करने तथा मार्ग से सभी अवरोध हटाकर आवागमन को सुरक्षित और सुचारु बनाने के निर्देश दिए। साथ ही पूरे रोड़ी बेलवाला क्षेत्र का शीघ्र समतलीकरण करने को भी कहा गया।
अधिकारियों ने निर्माणाधीन बॉक्स कल्वर्ट पुल की एक लेन की बुनियाद का कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने तथा उस पर कांवड़ियों की आवाजाही के लिए रैंप तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा अलकनंदा होटल को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग को भी सुरक्षित एवं सुचारु बनाने का निर्णय लिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में केवल पैदल कांवड़ियों और दोपहिया वाहनों से आने वाले श्रद्धालुओं को ही प्रवेश की अनुमति होगी। इसके लिए दोपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी तथा आगमन और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए जाएंगे।
बैठक में हाईवे से पार्किंग क्षेत्र तक सुरक्षित पहुंच के लिए रैंप निर्माण, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि मेला शुरू होने से पहले सभी निर्माण कार्य पूर्ण कर मार्गों के गड्ढों, ऊबड़-खाबड़ हिस्सों और अन्य संभावित जोखिम वाले स्थानों का तत्काल सुधार सुनिश्चित किया जाए, जिससे कांवड़ियों का आवागमन पूरी तरह सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश, क्षेत्राधिकारी शिशुपाल नेगी, सीपीयू प्रभारी हितेश कुमार सहित पुलिस, मेला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
