उत्तराखंड के 11 वर्षीय प्रतिभाशाली कराटे खिलाड़ी क्रियांश कौशिक आगामी अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में चीन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्रियांश को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि क्रियांश की मेहनत, अनुशासन और समर्पण अन्य बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
मुख्यमंत्री ने क्रियांश को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वह चीन में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत और उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगे तथा खेल जगत में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है, ताकि प्रदेश के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
