Uttarakhand: नगरासू गुरुद्वारा विवाद का शांतिपूर्ण समाधान, निहंग सिख यात्री रवाना

नगरासू स्थित गुरुद्वारा साहिब में 20 जून को गुरुद्वारे के सेवादारों और कुछ निहंग सिख यात्रियों के बीच उत्पन्न विवाद का जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा सिख समुदाय के धार्मिक एवं प्रबुद्ध जनों के समन्वित प्रयासों से शांतिपूर्ण समाधान कर लिया गया है। सफल वार्ता और आपसी संवाद के बाद सभी निहंग सिख यात्री गुरुद्वारा परिसर से नीचे उतरकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार विवाद के बाद कुछ निहंग सिख यात्री गुरुद्वारे की छत पर चले गए थे और उन्होंने वहां तक पहुंचने वाले मार्ग को बंद कर दिया था। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखी तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा और व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।
रविवार को पंजाब और पोंटा साहिब से आए सिख समुदाय के धार्मिक एवं प्रबुद्ध जनों के प्रतिनिधिमंडल ने मध्यस्थता करते हुए सभी पक्षों से संवाद स्थापित किया। सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई वार्ता के परिणामस्वरूप गतिरोध समाप्त हो गया और शेष निहंग यात्री भी शांतिपूर्वक नीचे उतर आए।
जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने बताया कि प्रशासन घटना के बाद से ही लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए था और विवाद के समाधान के लिए सभी संबंधित पक्षों के साथ समन्वय स्थापित किया गया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ चारधाम यात्रा और श्री हेमकुंड साहिब यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के निर्बाध आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार मौके पर तैनात रहीं।
उन्होंने बताया कि सफल संवाद के चलते कुछ निहंग यात्री पूर्व में ही नीचे आ गए थे, जबकि शेष यात्रियों ने रविवार को हुई वार्ता के बाद शांतिपूर्वक गुरुद्वारा परिसर छोड़ दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिससे विवाद के कारणों और परिस्थितियों का निष्पक्ष आकलन किया जा सके।
वहीं, पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर ने बताया कि घटना के बाद से पुलिस प्रशासन द्वारा निहंग सिख यात्रियों के साथ लगातार संवाद और समन्वय बनाए रखा गया। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और तथ्यपरक जांच की जाएगी तथा सभी तथ्यों की समीक्षा के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पंजाब एवं पोंटा साहिब से आए प्रतिनिधिमंडल के बाबा गग्गड़ तथा गुरुद्वारा प्रबंधन समिति नगरासू के सेवादार बाबा बेअंत सिंह ने बताया कि सभी पक्षों के बीच सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण संवाद स्थापित होने से विवाद का समाधान संभव हो सका। उन्होंने प्रशासन और पुलिस के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सभी निहंग सिख यात्री शांतिपूर्ण ढंग से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में श्री हेमकुंड साहिब यात्रा और चारधाम यात्रा पूरी तरह सामान्य एवं सुचारू रूप से संचालित हो रही है। प्रशासन ने नागरिकों और श्रद्धालुओं से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर विश्वास करने तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक या अपुष्ट जानकारी प्रसारित न करने की अपील की है।
#Rudraprayag #Nagarasu #GurudwaraSahib #HemkundSahib #CharDhamYatra #Uttarakhand #SikhPilgrims #PeacefulResolution #LawAndOrder #BreakingNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *