Uttarakhand: कैबिनेट की बैठक में इन प्रस्तावों को मंजूरी, खंडूड़ी और जसपाल राणा को दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में  मंत्रिमंडल की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में 12 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक से पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी और पद्मश्री निशानेबाज जसपाल राणा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया।

संस्कृत शिक्षा नियमावली में होगा संशोधन

कैबिनेट ने उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा संशोधन नियमावली-2026 को मंजूरी दे दी है। इसके तहत संस्कृत विद्यालयों की मान्यता, पाठ्यक्रम निर्धारण और परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं में आवश्यक संशोधन किए जाएंगे।

उपनल कर्मचारियों को मिला बड़ा लाभ

उपनल कर्मचारियों के लिए समान कार्य-समान वेतन की कटऑफ तिथि 12 नवंबर 2018 से बढ़ाकर 15 अगस्त 2024 कर दी गई है। इस निर्णय से बड़ी संख्या में कर्मचारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

बिटुमेन की बढ़ती कीमतों पर सरकार की नजर

लोक निर्माण विभाग से जुड़े प्रस्ताव में मिडिल ईस्ट में युद्ध के कारण बढ़ी बिटुमेन की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए विशेष व्यवस्था बनाने का निर्णय लिया गया है, जिससे निर्माण कार्यों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ कम किया जा सके।

उत्तराखंड को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित करने का फैसला

माध्यमिक शिक्षा विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए राज्य को पूर्ण साक्षर घोषित करने का निर्णय लिया गया। सरकार के अनुसार उत्तराखंड की साक्षरता दर 98 प्रतिशत से अधिक हो चुकी है।

आबकारी विभाग में टैक्स व्यवस्था होगी सरल

आबकारी विभाग के प्रस्ताव के तहत होलोग्राम के दोहराव की स्थिति में दोहरा कर नहीं लिया जाएगा। ऐसी स्थिति में केवल एक बार ही टैक्स वसूला जाएगा।

सगंध और हर्बल उत्पादों के निर्यात को मिलेगा बढ़ावा

कृषि विभाग के प्रस्ताव के तहत सेलाकुई स्थित सगंध केंद्र में मिलावट जांच की सुविधा विकसित की जाएगी। इससे सगंध और हर्बल उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा मिलेगा। इस कार्य के लिए पांच नए पद भी स्वीकृत किए गए हैं।

अंतरराष्ट्रीय हिमालयन कार रैली को मंजूरी

पर्यटन विभाग के प्रस्ताव पर कैबिनेट ने अंतरराष्ट्रीय हिमालयन कार रैली के आयोजन को मंजूरी दी है। रैली के आयोजन की जिम्मेदारी मद्रास की एक संस्था को सौंपी जाएगी। इसमें करीब 50 अंतरराष्ट्रीय कारों के शामिल होने की संभावना है।

कारागार नियमावली में संशोधन को हरी झंडी

गृह विभाग के प्रस्ताव के तहत उत्तराखंड कारागार नियमावली में संशोधन को मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही कारागार अधीनस्थ सेवा नियमावली को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

राज्य आंदोलनकारियों और आश्रितों को भर्ती में राहत

अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की कनिष्ठ सहायक और पुलिस कांस्टेबल भर्ती-2024 में उन राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों को दस्तावेज सत्यापन में एक बार राहत दी जाएगी, जिनके प्रमाणपत्र निर्धारित समय पर तैयार नहीं हो पाए थे।

घोड़ा-खच्चर संचालकों को मिलेगी बीमा सहायता

चारधाम यात्रा के दौरान संचालित घोड़ा-खच्चरों के लिए राज्य सरकार 5 प्रतिशत बीमा दर के तहत सहायता राशि उपलब्ध कराएगी। इससे पशु संचालकों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।

एम्ब्रियो ट्रांसफर तकनीक से बढ़ेगा दुग्ध उत्पादन

पशुपालन विभाग के प्रस्ताव के तहत एम्ब्रियो ट्रांसफर तकनीक के माध्यम से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए गौवंश आधारित पायलट परियोजना को मंजूरी दी गई है। सरकार का मानना है कि इससे पशुपालन क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी।

पूर्व मुख्यमंत्री खंडूड़ी के योगदान को किया याद

बैठक के दौरान मंत्रिमंडल के सदस्यों और अधिकारियों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी ने प्रदेश के विकास, सुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *