Uttarakhand: अफवाहों से न हों प्रभावित, चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा पूरी तरह सुचारू: एसपी

चमोली पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने जनपदवासियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित अफवाहों और भ्रामक वीडियो से प्रभावित न हों। उन्होंने कहा कि जनपद में चारधाम यात्रा और श्री हेमकुंड साहिब यात्रा पूरी तरह सुचारू, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है।

कर्णप्रयाग विवाद में आरोपियों के खिलाफ हुई त्वरित कार्रवाई

एसपी ने बताया कि 16 जून को कोतवाली कर्णप्रयाग क्षेत्र में कुछ निहंग यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों के बीच हुए विवाद के मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से तीन आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया है, जबकि एक आरोपी का उपचार पुलिस अभिरक्षा में कराया जा रहा है।

अवैध शस्त्रों के खिलाफ लगातार चल रहा अभियान

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में अवैध शस्त्रों और अन्य आपत्तिजनक सामग्री के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कोतवाली चमोली क्षेत्र में एक वाहन की जांच के दौरान हॉकी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद होने पर तीन व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के अंतर्गत चालानी कार्रवाई की गई है।

भ्रामक प्रचार और अपुष्ट सूचनाओं से बचने की अपील

एसपी चमोली ने श्री हेमकुंड साहिब यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार के भ्रामक प्रचार, अफवाहों और सोशल मीडिया पर प्रसारित भड़काऊ या अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें। उन्होंने कहा कि कर्णप्रयाग की घटना कुछ व्यक्तियों द्वारा कानून और सामाजिक मर्यादाओं का उल्लंघन किए जाने के कारण हुई थी, जिनके खिलाफ पुलिस ने सख्त वैधानिक कार्रवाई की है।

पुराने वीडियो को कर्णप्रयाग घटना से जोड़कर किया जा रहा प्रसारित

उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर कुछ लोग अन्य स्थानों की घटनाओं और पुराने झगड़ों के वीडियो को कर्णप्रयाग की घटना से जोड़कर भ्रामक तरीके से प्रसारित कर रहे हैं, जिससे अनावश्यक भ्रम और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि यह तथ्यात्मक रूप से गलत है और लोगों को ऐसे वीडियो से सावधान रहने की आवश्यकता है।

होल्डिंग एरिया में रोके गए थे वाहन, गलत संदर्भ में वायरल हो रहे वीडियो

एसपी ने कहा कि यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गौचर, पीपलकोटी सहित विभिन्न होल्डिंग एरिया में कुछ समय के लिए वाहनों को रोका गया था। इस दौरान कुछ यात्रियों द्वारा आगे जाने का अनुरोध और पुलिस के साथ हुई कहासुनी की घटना को भी सोशल मीडिया पर गलत संदर्भ में प्रस्तुत किया जा रहा है, जिससे वास्तविक स्थिति को लेकर भ्रम फैल रहा है।

यात्रियों की सुरक्षा के लिए ही की जाती है होल्डिंग व्यवस्था

उन्होंने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा के दौरान किसी आपदा, कानून-व्यवस्था की स्थिति या यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यकता पड़ने पर वाहनों को पूर्व निर्धारित होल्डिंग एरिया में रोका जाता है। इन स्थानों पर यात्रियों के लिए पेयजल, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने कहा कि जनपद में चारधाम और श्री हेमकुंड साहिब यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो रही है।

भड़काऊ पोस्ट और अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के भड़काऊ बयान देने, अफवाह फैलाने, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या भ्रामक वीडियो प्रसारित करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद की शांति, सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने की अनुमति किसी को भी नहीं दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *