बहादराबाद स्थित श्री साईं शिव गंगा धाम में आयोजित भव्य धार्मिक कार्यक्रम के दौरान 5210 किलोग्राम वजनी पारदेश्वर महादेव शिवलिंग की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। समारोह में वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन और विशेष धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
संतों और गणमान्य अतिथियों की रही मौजूदगी
प्राण प्रतिष्ठा समारोह में स्वामी कैलाशानंद गिरी, स्वामी अवधेशानंद गिरि, साध्वी ऋतंभरा, राघव चड्ढा तथा प्रदीप बत्रा सहित अनेक संत-महात्मा और गणमान्य लोग मौजूद रहे। धार्मिक वातावरण में संपन्न हुए कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
पूरे विश्व के लिए महत्वपूर्ण है शिवलिंग की स्थापना: स्वामी कैलाशानंद
पंचायती निरंजनी अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी ने कहा कि श्री साईं शिव धाम में स्थापित पारदेश्वर शिवलिंग को रघुनाथ देव महाराज ने भेंट किया है। उन्होंने कहा कि यह स्थापना केवल हरिद्वार ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व के लिए महत्वपूर्ण है और इससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक लाभ प्राप्त होगा।
शिवलिंग के दर्शन और पूजा से होगी मनोकामनाओं की पूर्ति
स्वामी कैलाशानंद गिरी ने कहा कि पारदेश्वर शिवलिंग के दर्शन और पूजा-अर्चना से श्रद्धालुओं का कल्याण होगा तथा उनकी मनोकामनाएं पूर्ण होंगी। उन्होंने कहा कि समाज में धनवान लोगों की कमी नहीं है, लेकिन कुछ लोग अपने धन का उपयोग धर्म और समाजहित के कार्यों में करते हैं, जो वास्तव में अनुकरणीय है।
