कर्णप्रयाग में श्री हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे निहंग यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों के बीच हुए विवाद के मामले में पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय के आदेश पर तीन आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया है, जबकि एक आरोपी का उपचार चल रहा है और उसे पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है।
मामूली कहासुनी के बाद हुआ विवाद, चार लोग घायल
16 जून को कोतवाली कर्णप्रयाग क्षेत्र के कर्णप्रयाग बाजार स्थित कृष्णा पैलेस होटल के समीप श्री हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे कुछ निहंग यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों के बीच मामूली कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और चार निहंग यात्रियों ने स्थानीय व्यापारी तथा बीच-बचाव के लिए पहुंचे लोगों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। घटना में चार लोग घायल हो गए।
पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
घटना के बाद पीड़ित गजपाल सिंह की तहरीर के आधार पर कोतवाली कर्णप्रयाग में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी।
त्वरित कार्रवाई में तीन आरोपी दबोचे, चौथा अस्पताल से गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने तत्काल बैरियर लगाकर तीन निहंग यात्रियों को कर्णप्रयाग क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलों को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया। मामले में शामिल चौथे आरोपी को 17 जून को कर्णप्रयाग चिकित्सालय से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद कर ली गई।
न्यायालय में पेशी के बाद तीन आरोपियों को भेजा गया जेल
पुलिस ने चारों आरोपियों को बुधवार को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने तीन आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार पुरसाड़ी भेजने के आदेश दिए, जबकि उपचाराधीन चौथे आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आईटीबीपी और पीएसी तैनात
घटना के बाद गौचर-कर्णप्रयाग क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक कंपनी आईटीबीपी और पीएसी बल की तैनाती की गई है। पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा स्वयं कर्णप्रयाग में कैंप कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। इसके साथ ही पुलिस लगातार पैदल गश्त कर क्षेत्र की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी
सुरजीत सिंह पंवार ने स्पष्ट कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था भंग करने अथवा आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि अराजक और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चमोली पुलिस ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई करेगी।
ऑपरेशन प्रहार के तहत तीन लोगों पर चालानी कार्रवाई
ऑपरेशन प्रहार के तहत चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान कोतवाली चमोली पुलिस ने लोगों के साथ अभद्रता करने तथा वाहन में हॉकी स्टिक आदि पाए जाने पर परविंदर सिंह, परमवीर सिंह और जोधवीर सिंह निवासी जीरकपुर, चंडीगढ़ के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की। पुलिस ने तीनों को भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर अभद्रता या शांति भंग न करने की सख्त हिदायत भी दी।
चार तलवारें और दो मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चार तलवारें बरामद की हैं। इसके अलावा दो मोटरसाइकिलें (पीबी-65बीके-3889 और पीबी-65बीई-4296) भी कब्जे में ली गई हैं, जिनका इस्तेमाल घटना के दौरान किया गया था।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में जसनप्रीत सिंह (23), अजय सिंह (23), सतविंदर सिंह (21) और मनप्रीत सिंह (21) निवासी मोहाली, पंजाब शामिल हैं। इनमें मनप्रीत सिंह उपचाराधीन है।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
मामले में कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय नेगी, चौकी प्रभारी गौचर उपनिरीक्षक मानवेन्द्र गुसाईं, उपनिरीक्षक दिनेश पंवार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
