सिख धर्म के प्रमुख तीर्थस्थल श्री हेमकुंड साहिब की यात्रा इस वर्ष भी श्रद्धा और उत्साह के साथ जारी है। 23 मई को कपाट खुलने के बाद से अब तक 55 हजार 411 से अधिक श्रद्धालु पवित्र धाम में मत्था टेक चुके हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए चमोली पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और यात्रा प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए हैं।
देश-विदेश से पहुंच रहे श्रद्धालु और पर्यटक
हेमकुंड साहिब के कपाट खुलने के साथ ही देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक चमोली पहुंच रहे हैं। वहीं विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी की ओर भी प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक गोविंदघाट और घांघरिया पहुंच रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां बढ़ गई हैं।
गोविंदघाट में पार्किंग और शटल सेवा की व्यवस्था
यात्रा के प्रमुख पड़ाव गोविंदघाट में वाहनों की समुचित पार्किंग व्यवस्था की गई है। पुलना क्षेत्र में सीमित पार्किंग क्षमता को देखते हुए गोविंदघाट से पुलना तक शटल सेवा संचालित की जा रही है। इससे यातायात का दबाव नियंत्रित रहने के साथ ही जाम जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं हो रही है।
डंडी-कंडी और घोड़ा-खच्चर संचालकों का हुआ सत्यापन
यात्रा शुरू होने से पहले डंडी-कंडी तथा घोड़ा-खच्चर संचालकों का पुलिस सत्यापन कराया गया। पुलिस का कहना है कि इससे यात्रा की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने में मदद मिली है। यात्रा मार्ग के संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती भी की गई है।
आपदा प्रबंधन के लिए एसडीआरएफ तैनात
यात्रा मार्ग की भौगोलिक परिस्थितियों और मौसम की चुनौतियों को देखते हुए आपदा प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की गई है। घांघरिया में एसडीआरएफ की टीम तैनात की गई है, जो किसी भी आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्य के लिए तैयार है।
एटीएस की भी यात्रा क्षेत्र पर नजर
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए यात्रा क्षेत्र में एटीएस द्वारा भी लगातार निगरानी की जा रही है। संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सके।
भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस
पुलिस यात्रा मार्ग, पार्किंग स्थलों, प्रमुख पड़ावों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर लगातार नजर बनाए हुए है। यातायात, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखा गया है, जिससे हेमकुंड साहिब यात्रा और फूलों की घाटी भ्रमण सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित हो रहे हैं।
