Uttarakhand: दून पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, राजस्थान के दो आरोपी गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

तड़के सुबह दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली। नयागांव क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में राजस्थान के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस तीन अन्य फरार बदमाशों की तलाश में जुटी है।

बैरियर तोड़कर भागे बदमाश

पुलिस के अनुसार नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान के दौरान नयागांव चौकी बैरियर पर राजस्थान नंबर की एक स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया। कार सवार बदमाशों ने बैरियर को टक्कर मारते हुए वाहन को सेलाकुई की ओर भगा दिया, जिसके बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू कर दिया।

पुलिस पर की फायरिंग

पीछा किए जाने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरे आरोपी को पीछा कर गिरफ्तार कर लिया गया।

घायल आरोपी को अस्पताल में कराया भर्ती

मुठभेड़ में घायल हुए बदमाश को तत्काल उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए दून अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।

वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया घटनास्थल का जायजा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर उपस्थित पुलिसकर्मियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

हथियार और कार बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार दोनों बदमाशों के कब्जे से दो देशी तमंचे, खोखे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी कब्जे में ले लिया गया है।

तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार घटना में शामिल तीन अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *