उत्तराखंड में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम के तेवर तल्ख रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने राज्य के 11 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए कई क्षेत्रों में तेज बारिश, आंधी और बिजली चमकने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार एक जून दोपहर 12:02 बजे से दो जून दोपहर 12:02 बजे तक अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, नैनीताल, पौड़ी, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी और उत्तरकाशी जिलों के कुछ इलाकों में मौसम खराब रह सकता है।
विभाग ने डोईवाला, मसूरी, विकासनगर, चकराता, गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, बदरीनाथ, हल्द्वानी, कोटद्वार, रानीखेत और मुनस्यारी सहित आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज से बहुत तेज बारिश होने की संभावना जताई है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों, विशेषकर चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा कर रहे यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने तथा प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
