उत्तराखंड के कई जिलों के लिए 29 मई को ऑरेंज एवं येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में तेज हवाएं, गरज-चमक, ओलावृष्टि और भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
29 मई को भारी बारिश का अनुमान
29 मई के लिए मौसम विभाग ने देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जो कुछ स्थानों पर 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।
इसके अलावा उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने का भी अनुमान जताया गया है।
राज्य के अन्य जिलों में येलो अलर्ट के तहत गरज के साथ बारिश, बिजली कड़कने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है।
मौसम विभाग ने लोगों, यात्रियों और चारधाम यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं से सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन को भी संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
