Uttarakhand: नीति घाटी में होगा नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026, उच्च हिमालयी साहसिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

आगामी 31 मई और 01 जून को सीमांत नीति घाटी में नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को उच्च हिमालयी साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने और सीमांत क्षेत्रों की सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इसका आयोजन उत्तराखण्ड पर्यटन विभाग एवं भारतीय सेना के संयुक्त सहयोग किया जाएगा।

भारत-तिब्बत सीमा के निकट स्थित नीति घाटी अपनी अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता, ऊंचे हिमालयी भू-भाग और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं के लिए प्रसिद्ध है। नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन के माध्यम से देशभर से आने वाले प्रतिभागियों को क्षेत्र की प्राकृतिक भव्यता, रोमांचकारी ट्रैक और स्थानीय संस्कृति को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।

आयोजकों के अनुसार यह केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि साहस, धैर्य, सहनशीलता और अन्वेषण की भावना का उत्सव है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में सतत पर्यटन को बढ़ावा देना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना भी है।

आयोजन के दौरान स्थानीय होमस्टे, पारंपरिक उत्पादों और पर्यटन आधारित गतिविधियों को नई पहचान मिलने की संभावना जताई जा रही है। प्रतिभागियों और पर्यटकों की सुविधा के लिए आवास, चिकित्सा, संचार, पेयजल, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस और पर्यटन विभाग सक्रिय रूप से समन्वय कर रहे हैं। वहीं जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ समय से व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं, ताकि प्रतिभागियों को सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन का अनुभव मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *