Uttarakhand: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के पोस्टर-बैनर पर कांग्रेस का हमला, गणेश गोदियाल बोले- सत्ता पक्ष को छूट, विपक्ष पर कार्रवाई

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड आगमन पर लगाए गए पोस्टर-बैनर को लेकर नगर निगम प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के कार्यक्रमों में प्रशासन पूरी छूट देता है, जबकि विपक्ष के कार्यक्रमों में अधिकारियों ने जबरन बैनर हटवाए जाते हैं।

गणेश गोदियाल ने कहा सत्ता के लिए काम कर रहे अधिकारियों पर हमारी पूरी नजर है। नितिन नवीन के आगमन पर पूरे शहर में पोस्टर-बैनर लगे हुए हैं, लेकिन हमारे कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारियों ने उन्हें हटवा दिया। यह दोहरी नीति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में सभी राजनीतिक दलों के साथ समान व्यवहार होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक मशीनरी सत्ता पक्ष के दबाव में काम कर रही है और विपक्ष के कार्यक्रमों को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जनता इस दोहरे मापदंड को देख रही है और समय आने पर इसका जवाब भी देगी। गोदियाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विपक्ष के साथ इसी तरह भेदभावपूर्ण रवैया जारी रहा तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी।

दरअसल भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम के चलते भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर बड़े पैमाने पर प्रचार सामग्री और बैनर लगाए गए थे। वहीं कांग्रेस के हालिया कार्यक्रम के दौरान इसी तरह लगाए गए पोस्टरों और बैनरों को नगर निगम प्रशासन द्वारा हटाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *