Uttarakhand: उत्तराखण्ड में मौसम बदलने के आसार, कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तराखण्ड में भीषण गर्मी से राहत मिलने के संकेत दिए हैं। मौसम विभाग ने जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में राज्य के कई जिलों में वर्षा, गर्जन, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने 28 मई के लिए उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना व्यक्त की गई है।

इसके अलावा राज्य के अन्य जनपदों में भी गर्जन के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 29 मई को भी उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना भी व्यक्त की गई है।

मौसम विभाग ने 30 और 31 मई के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने संबंधित जिलों को आवश्यक एहतियाती कदम उठाने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को अलर्ट मोड में रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संसाधन तैयार रखने को कहा गया है।

विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। उन्होंने लोगों को आकाशीय बिजली, तेज हवाओं और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने की सलाह दी है। साथ ही प्रशासन ने जारी दिशा-निर्देशों और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *