Uttarakhand: चारधाम यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, एक दिन में रिकॉर्ड 96 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

चारधाम यात्रा में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। चारों धामों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग रही हैं। हालांकि व्यवस्थाएं दुरुस्त होने के चलते यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है। शनिवार को रिकॉर्ड 96 हजार 116 तीर्थयात्रियों ने चारधाम के दर्शन किए। इसके साथ ही कुल दर्शनार्थियों का आंकड़ा 20 लाख 76 हजार 553 के पार पहुंच गया है।

यात्रा के दौरान सबसे अधिक श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचे हैं, जहां अब तक 8 लाख 11 हजार 923 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं बदरीनाथ धाम में 5 लाख 56 हजार 437, गंगोत्री धाम में 3 लाख 52 हजार 162 और यमुनोत्री धाम में 3 लाख 56 हजार 31 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

शनिवार को एक ही दिन में बदरीनाथ धाम में सर्वाधिक 32 हजार 219 श्रद्धालु पहुंचे। इसके अलावा केदारनाथ धाम में 29 हजार 787, यमुनोत्री धाम में 16 हजार 213 और गंगोत्री धाम में 17 हजार 897 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

उच्च हिमालयी क्षेत्रों में संचालित होने वाली इस यात्रा को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है। पुष्कर सिंह धामी ने शीर्ष अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मौसम प्रतिकूल होने की स्थिति में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।

मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड सरकार द्वारा किए जा रहे कुशल यात्रा प्रबंधन के चलते इस वर्ष चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। गौरतलब है कि यात्रा का शुभारंभ 19 अप्रैल को हुआ था और मात्र 35 दिनों में ही श्रद्धालुओं की संख्या 20 लाख के पार पहुंच गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *