Uttarakhand: चारधाम यात्रियों के लिए मौसम अलर्ट, 12 और 13 मई को सतर्कता बरतने की अपील

मौसम विभाग ने 12 एवं 13 मई को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और प्रतिकूल मौसम की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसे गंभीरता से लेते हुए विनय शंकर पांडेय ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की है।

गढ़वाल मंडल आयुक्त ने कहा कि मौसम की संवेदनशील परिस्थितियों को देखते हुए श्रद्धालु 12 और 13 मई को यात्रा कार्यक्रम बनाते समय विशेष सावधानी बरतें। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि संभव हो तो मौसम सामान्य होने के बाद यात्रा करना अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक रहेगा।

आयुक्त ने यात्रियों से प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर मौसम की स्थिति तेजी से बदल सकती है, इसलिए सतर्कता और संयम अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के निर्देश दिए गए हैं।

आयुक्त ने विश्वास जताया कि श्रद्धालुओं के सहयोग, सतर्कता और प्रशासनिक समन्वय से चारधाम यात्रा निर्विघ्न एवं सफलतापूर्वक संपन्न होगी। साथ ही यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा के दौरान मौसम संबंधी अपडेट पर लगातार नजर बनाए रखें और अनावश्यक जोखिम लेने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *