Uttarakhand: ऋषिकेश में गंगा में नहाते समय युवक बहा, एसडीआरएफ ने शुरू किया सर्च अभियान

गंगा नदी में नहाने के दौरान एक युवक तेज बहाव में बह गया। घटना शुक्रवार शाम हिल्टन रैपिड के पास की है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश में सर्च अभियान शुरू कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब चार बजे लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र से युवक के डूबने की सूचना पुलिस और एसडीआरएफ को मिली थी। इसके बाद डीप डाइवरों को नदी में उतारकर संभावित स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। मौके पर स्थानीय पुलिस और जल पुलिस की टीमें भी आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई हैं।

बताया जा रहा है कि युवक पास स्थित सीताराम आश्रम में कथा सुनने आया हुआ था। वह अपने एक साथी के साथ गंगा किनारे नहाने गया था। इसी दौरान प्रतिबंधित घाट पर उतरते समय वह तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया।

डूबने वाले युवक की पहचान हर्षित उपाध्याय (20 वर्ष) पुत्र नंद किशोर निवासी ग्राम सीमा रिस्टना, भीकियासैंण, जिला अल्मोड़ा के रूप में हुई है। प्राप्त परिचय पत्र के अनुसार युवक श्रीरंगमलक्मी आदर्श संस्कृत महाविद्यालय का छात्र था।

एसडीआरएफ और पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी किनारे और रैपिड क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि प्रतिबंधित घाटों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में उतरना जानलेवा साबित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *