Uttarakhand: केदारनाथ धाम में व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा पर विशेष फोकस

केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए आयुक्त विनय शंकर पांडेय और आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने श्री केदारनाथ धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं और कई मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा को सुचारु बनाए रखने के लिए टोकन व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा इंतजामों पर विशेष जोर दिया।

इसके साथ ही स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और हेली सेवाओं की भी गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से संचालित हों, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बर्फबारी की स्थिति को देखते हुए सुरक्षित आवागमन के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि यात्रा मार्ग पर हर स्तर पर सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और मौसम की परिस्थितियों के अनुसार व्यवस्थाओं में आवश्यक बदलाव किए जाएं।

आयुक्त और आईजी ने स्पष्ट किया कि यात्रा की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और संतोषजनक अनुभव प्रदान करना है। इसके लिए प्रशासन, पुलिस और अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ लगातार कार्य कर रहे हैं।

चारधाम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं, ऐसे में प्रशासन व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत किया जा रहा है, ताकि यात्रा निर्विघ्न रूप से संचालित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *