केदारनाथ धाम यात्रा इस वर्ष नए कीर्तिमान स्थापित करती नजर आ रही है। बेहतर प्रबंधन और प्रभावी व्यवस्थाओं के चलते श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की सतत मॉनिटरिंग के कारण भारी भीड़ के बावजूद यात्रा सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संचालित हो रही है।
3 लाख के पार पहुंचा आंकड़ा
22 अप्रैल को कपाट खुलने के बाद से 3 मई सायं 5 बजे तक कुल 3,08,085 श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। वहीं, एक ही दिन में 23,784 श्रद्धालुओं का आगमन दर्ज किया गया, जो यात्रा प्रबंधन की दक्षता को दर्शाता है।
24×7 तैनात हैं टीमें
यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाए रखने के लिए प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार 24 घंटे तैनात हैं। यात्रा मार्ग के प्रमुख पड़ावों पर पेयजल, चिकित्सा सुविधाएं, ठहराव की व्यवस्था, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया गया है।
संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी
विषम भौगोलिक परिस्थितियों और बदलते मौसम को देखते हुए भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और अन्य एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य किए जा सकें।
कंट्रोल रूम से निगरानी
कंट्रोल रूम के माध्यम से यात्रा की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया सुनिश्चित हो सके।
श्रद्धालुओं से अपील
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि यह पावन यात्रा सभी के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित बनी रहे।
