Uttarakhand: बद्रीनाथ में अंतर्राज्यीय गिरोह के 4 शातिर गिरफ्तार, 14 लाख के 13 महंगे मोबाइल बरामद

चारधाम यात्रा के बीच श्रद्धालुओं को निशाना बनाने वाले एक अंतर्राज्यीय टप्पेबाज गिरोह का चमोली पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। पुलिस ने घेराबंदी कर 4 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से करीब 14 लाख रुपये कीमत के 13 हाई-एंड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह केदारनाथ में श्रद्धालुओं के कीमती सामान चोरी कर बद्रीनाथ में भी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, लेकिन समय रहते पुलिस ने कार्रवाई कर उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।

गोपनीय सूचना पर हुई कार्रवाई

थाना श्री बद्रीनाथ पुलिस को सूचना मिली थी कि एक गिरोह भीड़ में घुलमिलकर श्रद्धालुओं का ध्यान भटका रहा है और उनके मोबाइल व कीमती सामान चोरी कर रहा है। यह गिरोह खासतौर पर स्नान घाटों और मंदिर परिसर जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों को निशाना बना रहा था।

27 अप्रैल को पौड़ी गढ़वाल निवासी नरेश चंद्र की शिकायत पर कोतवाली बद्रीनाथ में मुकदमा दर्ज किया गया। शिकायत में उन्होंने बताया कि दर्शन के दौरान उनके आईडी, डीएल, पैन कार्ड, एटीएम और 10 हजार रुपये चोरी हो गए।

एसपी के निर्देश पर गठित हुई टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार ने तत्काल एंटी थेफ्ट स्क्वाड का गठन किया और मैनुअल पुलिसिंग के साथ आधुनिक सर्विलांस का उपयोग करने के निर्देश दिए।

हनुमान चट्टी के पास दबोचे गए आरोपी

पुलिस टीम ने सटीक सूचना के आधार पर हनुमान चट्टी के पास दो संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली। तलाशी में 13 महंगे मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनमें—

  • 07 आईफोन
  • 03 सैमसंग गैलेक्सी एस24 अल्ट्रा
  • 01 वनप्लस 10आर
  • 01 रेडमी नोट 13
  • 01 रियलमी 13 प्रो

शामिल हैं। इसके अलावा 58,860 रुपये नकद भी बरामद किए गए। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त दो वाहनों को भी सीज कर दिया है।

केदारनाथ से चुराए गए थे फोन

पूछताछ में खुलासा हुआ कि बरामद मोबाइल फोन केदारनाथ धाम से चोरी किए गए थे। इनमें से एक आईफोन 15 प्रो मैक्स के संबंध में थाना सोनप्रयाग में पहले से मुकदमा दर्ज है। आरोपी केदारनाथ में चोरी करने के बाद बद्रीनाथ में नई वारदात की योजना बना रहे थे।

आरोपियों की पहचान

गिरफ्तार आरोपियों में पंजाब और राजस्थान के निवासी शामिल हैं, जो लंबे समय से इस तरह की घटनाओं में सक्रिय बताए जा रहे हैं।

पुलिस टीम को मिला पुरस्कार

इस सफल कार्रवाई पर एसपी ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए 2,500 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।

पुलिस की अपील

चमोली पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अपने कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या सहायता केंद्र को दें।

पकड़े गए आरोपी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *