उत्तराखण्ड में बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों के भीतर प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, साथ ही लगभग 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जनपदों के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है। इन पहाड़ी क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।

अचानक बदलते मौसम को देखते हुए किसानों और आमजन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। वहीं वाहन चालकों को भी बारिश और तेज हवाओं के बीच विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

मौसम निदेशक सी.एस. तोमर ने बताया कि आगामी 24 से 48 घंटों में प्रदेशभर में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की जा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार 5 मई तक कुछ क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

मौसम विभाग ने सभी नागरिकों से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और सतर्क रहने की अपील की है, ताकि किसी भी संभावित जोखिम से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *