उत्तराखण्ड में आज से जनगणना 2027 के प्रथम चरण हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन का औपचारिक शुभारंभ हो गया है। इस महत्वपूर्ण अभियान के तहत राज्यभर में प्रगणक और पर्यवेक्षक घर-घर जाकर आंकड़े एकत्र करने में जुट गए हैं।
इस चरण में प्रत्येक भवन और मकान का सूचीकरण करते हुए उनमें निवास कर रहे परिवारों से संबंधित विस्तृत जानकारी संकलित की जाएगी। यह डेटा भविष्य में विकास योजनाओं के निर्माण और उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए महत्वपूर्ण आधार बनेगा।
राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में जनगणना कार्य उत्साहपूर्वक प्रारंभ हो चुका है। अल्मोड़ा जनपद के कंखोला (हवालबाग) क्षेत्र में सुपरवाइजर तारा दत्त भट्ट और प्रगणक भगवत सिंह बगड़वाल द्वारा कार्य किया गया। वहीं लक्ष्मेश्वर वार्ड, नगर निगम अल्मोड़ा में प्रगणक दीपक सिंह ने स्थानीय निवासी विद्या कर्नाटक के यहां जनगणना प्रक्रिया पूरी की।
इसी तरह रुद्रप्रयाग जनपद के सुदूरवर्ती गांव गोदड़ी में भी टीमों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ कार्य शुरू किया। खटीमा तहसील में भी प्रगणक घर-घर जाकर भवन चिन्हांकन और गणना कार्य को गति दे रहे हैं।
राज्यभर में तैनात प्रगणक और पर्यवेक्षक जमीनी स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाते हुए इस अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं। जनगणना से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए राज्य में टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1855 भी संचालित किया गया है, जो सोमवार से शुक्रवार सुबह 9 बजकर 30 मिनट से शाम 6 बजे तक उपलब्ध रहेगा।
प्रशासन ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे प्रगणकों को सहयोग दें और सही जानकारी प्रदान कर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
