Uttarakhand: उत्तराखण्ड को फिल्म शूटिंग हब बनाने पर जोर, सीएम धामी से फिल्म निर्देशक मधुर भंडारकर की मुलाकात

फिल्म निर्माता-निर्देशक मधुर भंडारकर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट की। इस दौरान उन्होंने उत्तराखण्ड को फिल्म निर्माण के क्षेत्र में अग्रणी गंतव्य के रूप में विकसित करने और निवेश आकर्षित करने के विषय में विस्तार से चर्चा हुई।

 शासकीय आवास में फिल्म निर्माता-निर्देशक मधुर भंडारकर से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, विविध भौगोलिक परिस्थितियों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के कारण फिल्म निर्माण के लिए बेहद उपयुक्त राज्य है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखण्ड को देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद बनाना और इसे एक प्रमुख फिल्म शूटिंग हब के रूप में स्थापित करना है।

सीएम धामी ने बताया कि राज्य सरकार की आधुनिक फिल्म नीति के तहत फिल्म निर्माताओं को आकर्षक सब्सिडी, टैक्स छूट और विभिन्न सुविधाएं दी जा रही हैं। साथ ही सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से शूटिंग से जुड़ी सभी अनुमतियों को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया गया है, जिससे फिल्म निर्माण प्रक्रिया को सुगम बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य में कई हिंदी और क्षेत्रीय फिल्मों, टीवी धारावाहिकों एवं वेब सीरीज़ की शूटिंग सफलतापूर्वक हो चुकी है, जिससे उत्तराखण्ड तेजी से एक प्रमुख फिल्म लोकेशन के रूप में उभर रहा है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य को फिल्म निर्माण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट का राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिल चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म उद्योग के माध्यम से स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। सरकार स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं को इस क्षेत्र से जोड़ने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों को भी बढ़ावा दे रही है।

उन्होंने बताया कि राज्य में फिल्म सिटी के विकास की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है, जिससे फिल्म निर्माण की पूरी प्रक्रिया उत्तराखण्ड में ही संचालित की जा सके। साथ ही फिल्म महोत्सवों और सांस्कृतिक आयोजनों को बढ़ावा देकर राज्य की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत किया जा रहा है।

इस अवसर पर मधुर भंडारकर ने उत्तराखण्ड की प्राकृतिक सुंदरता और अनुकूल वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में उत्तराखण्ड में फिल्म शूटिंग करने की इच्छा भी जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *