मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सर्किट हाउस, हल्द्वानी में जनपद नैनीताल के वरिष्ठ प्रशासनिक, पुलिस, वन एवं विकास विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मानव-वन्यजीव संघर्ष, पर्यटन सीजन की तैयारियों, कानून-व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, सिंचाई और जमरानी बांध परियोजना की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में आयुक्त कुमाऊं एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने जानकारी दी कि आदि कैलाश यात्रा के लिए 1 मई से इनर लाइन पास जारी किए जाएंगे और मार्ग वर्तमान में सुचारू है। इसके साथ ही कैंचीधाम बाईपास का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसे 30 मई तक चालू करने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं पर गंभीर चिंता जताते हुए इसके स्थायी समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में सोलर फेंसिंग लगाने, वन विभाग और पुलिस की संयुक्त क्विक रिस्पॉन्स टीम को 24×7 सक्रिय रखने तथा आधुनिक तकनीक के उपयोग पर जोर दिया।
सीएम धामी ने कहा कि नैनीताल प्रदेश का प्रमुख पर्यटन केंद्र है, इसलिए रामनगर, हल्द्वानी, कालाढूंगी और नैनीताल जैसे क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सड़कों को गड्ढा-मुक्त रखने, ट्रैफिक प्रबंधन सुदृढ़ करने, शटल सेवा और वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था को सक्रिय करने के निर्देश दिए।
कानून-व्यवस्था की समीक्षा में उन्होंने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पर्यटन स्थलों पर हुड़दंग, नशाखोरी और ओवरचार्जिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही 24 घंटे निगरानी, नियमित चेकिंग अभियान और पर्यटकों की सुविधा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जमरानी बांध परियोजना की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे तराई-भावर क्षेत्र में पेयजल समस्या का समाधान, भूजल स्तर में वृद्धि और बाढ़ नियंत्रण में मदद मिलेगी। उन्होंने परियोजना को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाए जाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए।
विद्युत और पेयजल व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने ग्रीष्मकाल और मानसून को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा। साथ ही सिंचाई विभाग और अन्य एजेंसियों को भी अपने कार्य निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडेय सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
