राज्य सरकार देहरादून से वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के लिए नियमित उड़ान सेवा शुरू करने के प्रयास कर रही है। शीघ्र ही इन शहरों के लिए नियमित सेवा शुरू हो जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस संबंध में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु से हवाई संपर्क बढ़ाने का अनुरोध किया था।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्र सरकार उत्तराखण्ड में हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए निरंतर सहयोग कर रही है। उहोंने बताया कि हाल ही में उन्होंने केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु से देहरादून से इन शहरों के लिए हवाई संपर्क बढ़ाने का अनुरोध किया था। इस पर केंद्रीय मंत्री ने पत्र के माध्यम से जानकारी दी कि वर्तमान में देहरादून से देश के कई प्रमुख शहरों के लिए नियमित उड़ानें संचालित हो रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देहरादून से अहमदाबाद, भुवनेश्वर, बेंगलुरु, मुंबई, कोलकाता, दिल्ली, हैदराबाद (शमशाबाद), जयपुर, लखनऊ, पुणे और कुल्लू के लिए इंडिगो, एलायंस एयर, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की कुल 254 साप्ताहिक उड़ानें संचालित की जा रही हैं।
केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि देश में घरेलू विमानन क्षेत्र को नियंत्रणमुक्त किया गया है, जिसके तहत एयरलाइंस कंपनियां अपने व्यावसायिक हितों के अनुसार मार्ग और सेवाएं तय करने के लिए स्वतंत्र हैं। किसी भी हवाई अड्डे से नई उड़ान शुरू करने या बढ़ाने का अंतिम निर्णय संबंधित एयरलाइंस ऑपरेटर पर निर्भर करता है।
उन्होंने यह भी बताया कि देहरादून से वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के लिए उड़ान सेवा शुरू करने के प्रस्ताव को सभी निर्धारित घरेलू एयरलाइंस के साथ साझा कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि जल्द ही इन प्रमुख धार्मिक शहरों के लिए हवाई सेवा शुरू होने से उत्तराखण्ड के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।
