जनपद के विकासखंड पोखड़ा एवं आसपास के क्षेत्रों में नरभक्षी गुलदार के बढ़ते आतंक को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर विद्यालयों में एहतियातन अवकाश घोषित किया गया है।
खंड शिक्षा अधिकारी पोखड़ा एवं बीरोंखाल मनोज कुमार जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशों के तहत यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि न्याय पंचायत कोलाखाल क्षेत्र के अंतर्गत संचालित राजकीय प्राथमिक विद्यालय पाटल्यूं, मयलगांव, पटोटी तथा जनता इंटर कॉलेज कुण्जखाल में कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों में 4 अप्रैल (शनिवार) और 6 अप्रैल 2026 (सोमवार) को अवकाश रहेगा।
इसके साथ ही विकासखंड बीरोंखाल के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय तिमली, कण्डूली बड़ी, ढिस्वाणी, भरपूर बड़ा तथा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय तिमली एवं कण्डूली बड़ी में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए भी इन दोनों तिथियों में अवकाश घोषित किया गया है।
खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि यह निर्णय क्षेत्र में उत्पन्न असामान्य परिस्थितियों को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और विद्यालय प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि आदेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
स्थानीय लोगों में गुलदार के बढ़ते आतंक को लेकर दहशत का माहौल है, ऐसे में प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
