राजधानी में कानून-व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के लिए पुलिस ने पब, बार और रेस्टोरेंट संचालकों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। निर्धारित समयावधि के बाद प्रतिष्ठान खुले मिलने पर अब सीधे मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल ने पब, बार और रेस्टोरेंट के मालिकों व संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की। इस दौरान उन्होंने सभी को अपने-अपने प्रतिष्ठानों में नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई भी प्रतिष्ठान निर्धारित समय के बाद संचालित पाया गया या नियमों का उल्लंघन करता मिला, तो उसके खिलाफ सीधे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस अब ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतेगी।
उन्होंने बताया कि एक दिन पूर्व ही पुलिस द्वारा की गई आकस्मिक छापेमारी के दौरान दो बार/रेस्टोरेंट निर्धारित समय के बाद संचालित होते पाए गए, जिनके संचालकों के खिलाफ अभियोग दर्ज किया गया है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि शहर में देर रात तक चलने वाली गतिविधियों, हुड़दंग और कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
