राजपुर क्षेत्र में हुई फायरिंग और हत्या की सनसनीखेज घटना का देहरादून पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दोनों पक्षों के चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जुटाए गए हैं।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक तौर पर इस घटना को रोड रेज का मामला माना जा रहा था, लेकिन जांच में सामने आया कि यह विवाद एक दिन पहले बार में बिल को लेकर हुए झगड़े का परिणाम था। अभियुक्तों द्वारा इस पूरे मामले को रोड रेज का रूप देने का प्रयास किया गया।
पुलिस के अनुसार, अगले दिन दोनों पक्षों के बीच वाहन से पीछा करने के दौरान फायरिंग हुई। इसी दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकले एक निर्दोष व्यक्ति को गोली लग गई, जिससे उनकी मौत हो गई। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।
मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त वाहन, दो देशी तमंचे और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने संबंधित बार को सील करने की कार्रवाई भी की है।
एसएसपी ने बताया कि मामले में अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं का खुलासा किया जा सके।
पुलिस की इस कार्रवाई को त्वरित और प्रभावी माना जा रहा है, जिससे आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।
