उत्तराखण्ड शासन ने 28 मार्च को रात्रि 8:30 बजे से 9:30 बजे तक अर्थ ऑवर मनाने का निर्णय लिया है। इस दौरान प्रदेशवासियों से अपील की गई है कि वे एक घंटे के लिए सभी गैर-जरूरी लाइट एवं विद्युत उपकरण बंद रखें।
यह पहल प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से की जा रही है। यह अभियान डब्ल्यूडब्ल्यूएफ इंडिया, नई दिल्ली के पत्र के क्रम में संचालित किया जा रहा है।
शासन की ओर से कहा गया है कि अर्थ ऑवर केवल एक प्रतीकात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश है। इससे ऊर्जा की बचत के साथ-साथ लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
प्रदेश के सभी नागरिकों से इस वैश्विक पर्यावरणीय पहल में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए निर्धारित समयावधि के दौरान गैर-जरूरी विद्युत उपकरण बंद रखने की अपील की गई है। शासन का मानना है कि छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
