मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जॉलीग्रांट एयरपोर्ट से देहरादून-पिथौरागढ़-देहरादून विमान सेवा का शुभारंभ किया। रामनवमी के शुभ अवसर पर शुरू हुई इस 42 सीटर विमान सेवा के माध्यम से अब पिथौरागढ़ और देहरादून के बीच का सफर मात्र एक घंटे में पूरा किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विमान सेवा आमजन की सुविधा के साथ-साथ सामरिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पहले हवाई यात्रा को केवल सम्पन्न वर्ग तक सीमित माना जाता था, लेकिन आज नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आम नागरिक भी हवाई यात्रा का लाभ उठा रहा है। वर्ष 2016 में शुरू की गई यूडीएएन योजना ने छोटे शहरों और दूरस्थ क्षेत्रों को सस्ती हवाई सेवाओं से जोड़कर नई दिशा दी है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने हाल ही में उड़ान योजना 2.0 को मंजूरी दी है, जिसके तहत आगामी 10 वर्षों में लगभग 29 हजार करोड़ रुपये की लागत से 100 नए हवाई अड्डे और 200 नए हेलीपैड विकसित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य टियर-2 और टियर-3 शहरों के साथ-साथ पहाड़ी और सीमांत क्षेत्रों में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में हवाई सेवाएं केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि जीवन रेखा बन चुकी हैं। दुर्गम क्षेत्रों में आवश्यक सामग्री पहुंचाने और गंभीर मरीजों को समय पर उपचार दिलाने में यह सेवाएं अहम भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में यूडीएएन योजना के तहत राज्य में 26 हवाई मार्ग संचालित हो रहे हैं। वर्ष 2023 में शुरू की गई “उत्तराखण्ड एयर कनेक्टिविटी योजना” के तहत 6 हवाई मार्गों पर नियमित उड़ानें संचालित की जा रही हैं। पिछले चार वर्षों में हेलिपोर्ट्स की संख्या 2 से बढ़कर 12 और हेलीपैड की संख्या 60 से बढ़कर 118 हो गई है। राज्य को “बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन इकोसिस्टम” का राष्ट्रीय सम्मान भी प्राप्त हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस नई सेवा से पिथौरागढ़ की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, पिथौरागढ़ और मुनस्यारी के बीच हेली सेवा भी शुरू की गई है।
उन्होंने बताया कि पिथौरागढ़ हवाई अड्डे को 450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा, राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री की उपस्थिति में नैनी सैनी हवाई अड्डे के अधिग्रहण के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और राज्य सरकार के बीच एमओयू भी साइन किया गया है।
इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने वीडियो संदेश के माध्यम से शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, भरत चौधरी, विधायक बृजभूषण गैरोला, पूर्व विधायक चंद्रा पंत, एलायंस एयर के सीएमडी अमित कुमार, उकाडा के सीईओ डॉ. आशीष चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
