Uttarakhand: शांतिकुंज में आध्यात्मिक माहौल, नौनिहालों ने वैदिक विधि से किया गायत्री महायज्ञ

गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में इन दिनों साधना और आध्यात्मिकता का वातावरण बना हुआ है। देश-विदेश से पहुंचे हजारों साधक वसुधैव कुटुंबकम् की भावना के साथ गायत्री साधना में लीन हैं। इसी क्रम में एक विशेष आयोजन किया गया, जिसके तहत गायत्री विद्यापीठ के नौनिहालों की ओर से वैदिक विधि-विधान से गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया।

महायज्ञ के दौरान छोटे-छोटे बच्चों ने पूरे आत्मविश्वास और शुद्ध उच्चारण के साथ मंत्रोच्चार कर उपस्थित साधकों को भावविभोर कर दिया। यज्ञ में बच्चों सहित अनेक साधकों ने सर्वे भवन्तु सुखिन: की कामना के साथ आहुतियां अर्पित कीं। साथ ही महामृत्युंजय मंत्र के माध्यम से विश्व कल्याण और सद्बुद्धि की प्रार्थना की गई।

इस अवसर पर संस्था की अधिष्ठात्री शैलदीदी तथा महिला मंडल की प्रमुख शैफाली पण्ड्या ने यज्ञ में सहभागिता करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

शैलदीदी ने कहा कि संस्कारित बाल पीढ़ी ही राष्ट्र का उज्ज्वल भविष्य तैयार कर सकती है और वर्तमान समय में आध्यात्मिक शिक्षा का समावेश अत्यंत आवश्यक है।

वहीं शैफाली पण्ड्या ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में सांस्कृतिक चेतना, अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास होता है।

उन्होंने बताया कि गायत्री विद्यापीठ में समय-समय पर इस प्रकार के महायज्ञ आयोजित किए जाते हैं, जिनमें बच्चे सक्रिय भागीदारी निभाते हैं और यज्ञ संचालन सहित अन्य धार्मिक कार्यों को पूरी लगन से संपन्न करते हैं।

कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ हुआ, जिसमें सभी ने विश्व शांति और मानव कल्याण की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *