Uttarakhand: उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं, धामी सरकार की सराहना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री को भेजे संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड धामी के नेतृत्व में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह देवभूमि सदियों से आस्था, अध्यात्म, साहस और परंपराओं की भूमि रही है। यहां की विविध भाषाएं-बोलियां, लोक परंपराएं और सरल जीवनशैली प्रदेश को विशेष पहचान देती हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र में सरकार बनने के बाद से उत्तराखंड ‘विकसित भारत’ के संकल्प के अनुरूप निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने का कार्य तेजी से जारी है, वहीं ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाइन के माध्यम से राज्य में रेल संपर्क को मजबूत किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने सीमांत क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बढ़ाने और शीतकालीन पर्यटन को प्रोत्साहन देने के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि इन पहलों से पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही पलायन रोकने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में मदद मिली है।

अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए रोजगार सृजन, स्टार्टअप्स को बढ़ावा तथा डिजिटल और हरित विकास जैसे प्रयासों को सराहनीय बताया। साथ ही, आपदा प्रबंधन की सुदृढ़ व्यवस्था और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को राज्य की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण बताया।

प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि ‘अमृत काल’ में विकसित भारत के निर्माण में उत्तराखंड की भूमिका और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर, समृद्ध और सुदृढ़ उत्तराखंड के निर्माण में प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अहम है।

अंत में प्रधानमंत्री ने प्रदेशवासियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में उत्तराखंड विभिन्न क्षेत्रों में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *