श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने देहरादून में आयोजित पत्रकार वार्ता में चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियों, व्यवस्थाओं और योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यात्रा को सुरक्षित, सरल और सुगम बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में यात्रा को बेहतर बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इस वर्ष यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
कपाट खुलने की तिथियां:
चारधाम यात्रा के तहत यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल (अक्षय तृतीया) को खोले जाएंगे। केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को और बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खुलेंगे।
अब तक चारों धामों के लिए 6,17,853 से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण कर चुके हैं, जिससे इस वर्ष बड़ी संख्या में यात्रियों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
व्यवस्थाएं और बजट:
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 121 करोड़ रुपये से अधिक का बजट निर्धारित किया गया है। धामों में पेयजल, बिजली, स्वच्छता, ट्रांजिट कैंप, आवास और ऑनलाइन सेवाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
अन्य महत्वपूर्ण जानकारी:
शीतकालीन यात्रा के दौरान भी 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। मंदिर समिति की बैठक में तीर्थ पुरोहित कल्याण कोष सहित कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है।
पत्रकार वार्ता में समिति के उपाध्यक्ष विजय कपरवान, सदस्य प्रल्हाद पुष्पवान समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
