Uttarakhand: सीएम ने कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की समीक्षा, समयबद्ध ढंग से कार्य पूरे करने के निर्देश

पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरिद्वार का भ्रमण कर कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की प्रगति की समीक्षा की। डामकोठी में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगले वर्ष आयोजित होने वाले कुंभ मेले के दिव्य और भव्य आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तय समयसीमा में पूरी की जाएं।

कुंभ हो विराट आयोजन

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ जैसे विराट आयोजन में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी क्षमता से काम करते हुए तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों, साधु-संतों और अन्य हितधारकों के सहयोग से कुंभ मेले का भव्य और सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा।

कुंभ कार्यो में न हो धन की कमी

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि  से संबंधित कार्यों के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी और प्रस्तावित कार्यों के लिए आवश्यक स्वीकृतियां शीघ्र जारी की जाएंगी। इस दौरान उन्होंने मुख्य सचिव से दूरभाष पर वार्ता कर शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

इनको लेकर की रणनीति बनाने के निर्देश

बैठक में मुख्यमंत्री ने सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य, यातायात और पार्किंग से जुड़े स्थायी कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आगामी चार धाम यात्रा, वर्षाकाल और कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख कार्यों के क्रियान्वयन की रणनीति बनाने के निर्देश दिए।

लैस इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर की स्थापना

मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आधुनिक तकनीक से लैस इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर की स्थापना को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। इसके लिए आवश्यक स्वीकृति जल्द जारी की जाएगी। उन्होंने मेला नियंत्रण भवन के पास प्रस्तावित सीसीआर-2 भवन परियोजना को भी शीघ्र वित्तीय स्वीकृति देने की बात कही।

श्रद्धालुओं की आवाजाही को हो सुगम

श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए खड़खड़ी पुल और श्रीयंत्र पुल से संबंधित योजनाओं को भी प्राथमिकता देते हुए उनके लिए आवश्यक स्वीकृतियां जल्द जारी करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश और मुनि की रेती सहित कुंभ क्षेत्र के सभी सेक्टरों में बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता और सीवरेज प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए।

डामकोठी अतिथि गृह के विस्तार के निर्देश दे

मुख्यमंत्री ने डामकोठी अतिथि गृह के विस्तार के निर्देश देते हुए कहा कि मौजूदा भवन से सटे क्षेत्र में एक आधुनिक और आकर्षक अतिथि गृह निर्माण की योजना तैयार कर प्रस्तुत की जाए।

मेलाअधिकारी ने कुंभ को लेकर जानकारी

बैठक में मेलाधिकारी सोनिका ने कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि सड़कों, पुलों और घाटों के निर्माण के साथ जलापूर्ति, चिकित्सा, सुरक्षा और मेला प्रबंधन से संबंधित स्थायी प्रकृति की 33 योजनाओं पर कार्य चल रहा है और सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा के अनुसार प्रगति पर हैं। उन्होंने बताया कि मेले के अंतर्गत मनसा देवी मंदिर और चंडी देवी मंदिर के मार्गों के सुधार की योजना को भी स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा मेले से जुड़े अन्य प्रस्तावित कार्यों और अस्थायी व्यवस्थाओं की जानकारी भी बैठक में दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *