ऋषिकेश स्थित वीरभद्र महादेव मंदिर परिसर में खुदाई के दौरान मिली प्राचीन मूर्तियों की जांच के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की टीम देहरादून से मौके पर पहुंची। टीम ने मूर्तियों का निरीक्षण कर उनकी प्रारंभिक जांच की।
अधिकारियों के अनुसार मंदिर परिसर में खुदाई के दौरान कई प्राचीन मूर्तियां बरामद हुई थीं। मंदिर प्रबंधन ने मूर्तियों को सुरक्षित रखने के बाद इसकी जानकारी प्रशासन को दी थी। सूचना मिलने पर पुरातत्व विभाग की टीम जांच के लिए मंदिर पहुंची।
जांच टीम में शामिल पुरातत्व विशेषज्ञ एमसी जोशी ने बताया कि मूर्तियों का गहन निरीक्षण किया गया है। प्रारंभिक तौर पर ये मूर्तियां 15वीं सदी की प्रतीत हो रही हैं। उन्होंने कहा कि विभाग आगे भी इन मूर्तियों की विस्तृत जांच करेगा, ताकि उनके ऐतिहासिक महत्व और कालखंड के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त की जा सके।
मंदिर प्रबंधन के अनुरोध पर फिलहाल इन मूर्तियों को मंदिर परिसर में ही सुरक्षित और संरक्षित रखा गया है, ताकि मंदिर में आने वाले श्रद्धालु भी इनके दर्शन कर सकें। विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को भी पूरे मामले की जानकारी दे दी गई है।
