Uttarakhand: सीएम धामी ने यूपीएससी में चयनित बेटियों को दी बधाई, पर्वतारोहण में उपलब्धि पर लता बिष्ट सम्मानित

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संघ लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में चयनित तीन बेटियों से अपने निजी आवास नगला तराई में संवाद कर उन्हें बधाई दी। चयनित अभ्यर्थियों में किच्छा की शांभवी तिवारी, काशीपुर की प्रिया चौहान और भीमताल की सौम्या गर्ब्याल शामिल हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इन बेटियों ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि तीनों की सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है और यह उनकी मेहनत, समर्पण और अनुशासन का परिणाम है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने तीनों सफल अभ्यर्थियों को पुस्तक, उपहार और शॉल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अभ्यर्थियों के परिजनों से भी बातचीत कर उन्हें बधाई दी।

पर्वतारोहण में उपलब्धि पर लता बिष्ट सम्मानित

इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिला पर्यटन विकास अधिकारी लता बिष्ट को भी सम्मानित किया। उन्होंने भारतीय पर्वतारोहण फाउंडेशन, नई दिल्ली द्वारा आयोजित पर्वतारोहण अभियान में टीम लीडर के रूप में माउंट चंद्रभागा-13 (6,264 मीटर) और माउंट चंद्रभागा-14 (6,074 मीटर) का सफल आरोहण करने पर बधाई दी। मुख्यमंत्री ने उन्हें शॉल और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया।

इस मौके पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, सीडीओ दिवेश शाशनी, एएसपी उत्तम सिंह नेगी, एसडीएम तुषार सैनी और पीओ व्योमा जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *