Uttarakhand: पद्म पुरस्कार-2027 के लिए नामांकन शुरू, 31 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन

भारत सरकार ने गणतंत्र दिवस 2027 के अवसर पर घोषित किए जाने वाले पद्म पुरस्कार-2027 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है। नामांकन 15 मार्च 2026 से प्रारंभ हो गए हैं और इसके लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।

नामांकन और अनुशंसाएं केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल (awards.gov.in) पर ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार की जाएंगी।

देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल

पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं। इनमें

  • पद्म विभूषण
  • पद्म भूषण
  • पद्म श्री

शामिल हैं। इन पुरस्कारों की शुरुआत वर्ष 1954 में हुई थी और हर वर्ष इनकी घोषणा गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है।

इन क्षेत्रों में दिए जाते हैं सम्मान

पद्म पुरस्कार कला, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग, सार्वजनिक कार्य, सिविल सेवा, व्यापार और उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों के लिए प्रदान किए जाते हैं।

हालांकि डॉक्टरों और वैज्ञानिकों को छोड़कर सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में कार्यरत सरकारी कर्मचारी इन पुरस्कारों के लिए पात्र नहीं होते।

नामांकन में देनी होगी पूरी जानकारी

नामांकन या अनुशंसा करते समय पोर्टल पर उपलब्ध प्रारूप में संबंधित व्यक्ति की उपलब्धियों और सेवाओं का स्पष्ट उल्लेख करना आवश्यक होगा, ताकि उनके योगदान का उचित मूल्यांकन किया जा सके।

पद्म पुरस्कारों से संबंधित विस्तृत जानकारी गृह मंत्रालय की वेबसाइट (mha.gov.in) पर ‘पुरस्कार और पदक’ अनुभाग तथा padmaawards.gov.in पोर्टल पर उपलब्ध है। यहां पुरस्कारों से जुड़े नियम और दिशा-निर्देश भी देखे जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *