मुख्यमंत्री आवास में सपरिवार मनाया गया लोक पर्व फूलदेई, बच्चों ने गाए पारंपरिक गीत

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में सपरिवार लोक पर्व फूलदेई मनाया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री आवास में यह पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों और उत्साह के साथ मनाया गया। पारंपरिक परिधान पहनकर पहुंचे बच्चों ने घर की देहरी पर फूल और चावल अर्पित कर सभी के सुख-समृद्धि की कामना की। बच्चों ने “फूल देई-छम्मा देई, जतुके दियाला- उतुके सई” जैसे पारंपरिक लोकगीत भी गाए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बच्चों का स्वागत करते हुए उन्हें उपहार भेंट किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फूलदेई उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है। यह पर्व बसंत ऋतु के आगमन के साथ प्रकृति की सुंदरता और जीवन में नई ऊर्जा का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि यह त्योहार हमें प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और लोक पर्व हमारी अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर हैं, जिनका संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे लोक पर्वों को पूरे उत्साह के साथ मनाया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी रहें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, बसंत के स्वागत और लोक संस्कृति के संरक्षण का संदेश देने वाला यह पर्व हमें अपनी जड़ों से जुड़े रहने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की पत्नी गीता पुष्कर धामी भी मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *