टीवी एवं फिल्म अभिनेत्री हेली दारूवाला में शुक्रवार शाम हरिद्वार स्थित हरकी पैड़ी में पवित्र गंगा आरती का आयोजन में शामिल हुईं। उत्तराखंड के विभिन्न लोकेशनों पर शूट हो रही अपनी नई फिल्म के सिलसिले में वह पिछले कई दिनों से राज्य में मौजूद हैं।
शूटिंग के व्यस्त कार्यक्रम के बीच समय निकालकर हेली दारूवाला शाम को हरकी पैड़ी पहुंचीं और गंगा आरती में भाग लिया। आरती के दौरान उन्होंने गंगा तट पर बैठकर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया और श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की।
गंगा आरती के बाद अभिनेत्री दक्ष महादेव मंदिर भी दर्शन के लिए पहुंचीं।
तीर्थ पुरोहित उज्ज्वल पंडित ने बताया कि हेली दारूवाला पहली बार गंगा आरती में शामिल हुईं और इस आध्यात्मिक अनुभव से काफी भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि हरिद्वार की सकारात्मक ऊर्जा ने उन्हें बहुत प्रभावित किया।
हेली दारूवाला ने कहा कि गंगा आरती के दौरान उन्हें अपने दादा-दादी की याद आ गई और ऐसा महसूस हुआ मानो वे उनके पास ही हों। उन्होंने बताया कि यह अनुभव उनके लिए रोमांचक और भावुक करने वाला रहा।
टीवी और फिल्मों में बना चुकी हैं पहचान
हेली दारूवाला भारत की लोकप्रिय मॉडल, टेलीविजन और फिल्म अभिनेत्री हैं। उन्होंने वर्ष 2011 में लव यू ज़िंदगी से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की। इसके बाद वह निशा और उसके कजिन्स में कीर्ति और नागिन में अनु की भूमिका के लिए खास तौर पर जानी गईं।
उन्होंने कई फिल्मों और म्यूजिक वीडियो में भी अभिनय किया है। साथ ही वह हैवान: द मॉन्स्टर में निशा के किरदार में भी नजर आ चुकी हैं।
हरिद्वार की आध्यात्मिक ऊर्जा और गंगा आरती के दिव्य वातावरण को अनुभव करने के बाद अभिनेत्री ने कहा कि यह उनके जीवन के सबसे यादगार अनुभवों में से एक है।
