Uttarakhand: हरिद्वार में जन-जन की सरकार : चार साल बेमिसाल कार्यक्रम की तैयारियां पूरी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे शिरकत

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार 7 मार्च को हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम जन-जन की सरकार: चार साल बेमिसाल में प्रतिभाग करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर शासन और प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम स्थल बैरागी कैंप सहित पूरे हरिद्वार शहर को सजाया-संवारा जा रहा है।

कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हरिद्वार का दौरा किया। उन्होंने बैरागी कैंप पहुंचकर जनसभा स्थल, मंच, प्रदर्शनी क्षेत्र, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम के सुचारु और व्यवस्थित आयोजन के लिए सभी तैयारियों का वरिष्ठ अधिकारी स्वयं परीक्षण करें तथा आमजन की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बैरागी कैंप में राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही वे राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित विकास प्रदर्शनी और नई न्याय संहिताओं पर केंद्रित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे। इस अवसर पर वे राज्य के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।

मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान वन मंत्री सुबोध उनियाल, भाजपा प्रदेश संगठन मंत्री अजय कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, विधायक आदेश चौहान, मेयर किरन जैसल, मेयर अनीता देवी, नगर पालिका ऋषिकेश अध्यक्ष शंभू पासवान, पूर्व विधायक स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा सहित प्रशासन और विभिन्न विभागों के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *