उत्तराखंड में शनिवार से मौसम का मिजाज बदलने के संकेत मिले हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से जारी सात दिवसीय मौसम पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के ऊंचाई वाले जिलों में हल्की बारिश, गर्जन और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 7 मार्च से पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है, जबकि राज्य के अधिकांश मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
इन जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार
पूर्वानुमान के मुताबिक 7 और 8 मार्च को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों (करीब 4000 मीटर और उससे अधिक) में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश, गर्जन और बर्फबारी हो सकती है।
इन जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों बर्फबारी की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 9 से 12 मार्च के बीच उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लगभग 3800 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश, गरज-चमक और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में रहेगा शुष्क मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के बाकी जिलों में इस दौरान मौसम सामान्य और शुष्क बना रह सकता है। हालांकि पर्वतीय क्षेत्रों में बदलते मौसम का असर आसपास के इलाकों में भी महसूस किया जा सकता है।
सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों और स्थानीय निवासियों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है। ऊंचाई वाले इलाकों में अचानक मौसम बदलने से ठंड और फिसलन की स्थिति बन सकती है।
विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों में पहाड़ों में हल्की बर्फबारी से तापमान में गिरावट भी दर्ज की जा सकती है।
