Uttarakhand: टिहरी झील पर हिमालयन 0.2 द टिहरी लेक फेस्टिवल का भव्य आगाज, सीएम ने रोपवे निर्माण की घोषणा की

हिमालयन 0.2  द टिहरी लेक फेस्टिवल का  शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए पुष्कर सिंह धामी ने विश्वास जताया कि सुंदर टिहरी झील आने वाले समय में देश ही नहीं, बल्कि विश्व स्तर पर साहसिक खेलों और पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कोटी कॉलोनी–नई टिहरी रोपवे के निर्माण की घोषणा भी की।

पर्यटन, संस्कृति और खेलों का संगम

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड की पावन भूमि आध्यात्मिकता और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम है। यहां की नदियां, पर्वत, झीलें और परंपराएं पूरे विश्व को आकर्षित करती हैं। टिहरी झील के किनारे आयोजित यह महोत्सव पर्यटन, खेल और स्थानीय संस्कृति को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

साहसिक खेलों का उभरता केंद्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमालय की गोद में स्थित टिहरी झील प्राकृतिक सौंदर्य का अद्भुत उदाहरण होने के साथ-साथ साहसिक खेलों के लिए तेजी से उभरता केंद्र बन रही है। यहां आयोजित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की जल क्रीड़ा प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दे रही हैं और उत्तराखण्ड को वैश्विक खेल मानचित्र पर नई पहचान दिला रही हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार टिहरी को वॉटर स्पोर्ट्स और एडवेंचर स्पोर्ट्स का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। झील में कयाकिंग, कैनोइंग, जेट-स्की, पैरा-सेलिंग और स्कूबा डाइविंग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।

युवाओं को मिल रहा प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री ने बताया कि आज टिहरी में 400 से अधिक युवा पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जो राज्य के लिए खुशी की बात है। इससे युवाओं को रोजगार और खेल के क्षेत्र में नई संभावनाएं मिल रही हैं।

318 करोड़ की पर्यटन सड़क का शिलान्यास

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कोटी–डोबरा पर्यटन मार्ग का रिमोट के माध्यम से वर्चुअल शिलान्यास किया। यह मार्ग एशियन डेवलपमेंट बैंक के वित्तपोषण से बनाया जाएगा। करीब 318 करोड़ रुपये लागत की इस परियोजना की लंबाई लगभग 15 किलोमीटर होगी, जिससे क्षेत्र में पर्यटन और आवागमन को नई गति मिलेगी।

प्रधानमंत्री के उत्तराखण्ड से विशेष लगाव का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी का उत्तराखण्ड से भावनात्मक लगाव जगजाहिर है। उन्होंने स्वयं यहां आकर राज्य के विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया है।

कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, विधायक किशोर उपाध्याय, विक्रम सिंह नेगी, विनोद कंडारी, शक्तिलाल शाह, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी, जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने देवडोलियों से आशीर्वाद भी प्राप्त किया।

यह महोत्सव टिहरी को पर्यटन और साहसिक खेलों के अंतरराष्ट्रीय केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *