Uttarakhand: चारधाम यात्रा 2025 के ट्रैफिक प्रबंधन को राष्ट्रीय सम्मान, इस अधिकारी का हुआ चयनित…

चारधाम यात्रा 2025 के सफल संचालन हेतु उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा विकसित अभिनव ट्रैफिक एवं कंट्रोल रूम प्रबंधन प्रणाली को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित स्कॉच अवार्ड–भारत का ईमानदार स्वतंत्र सम्मान के लिए चयनित किया गया है।

106वें स्कॉच समिट में मिलेगा सम्मान

पुलिस अधीक्षक (यातायात) देहरादून लोकजीत सिंह के नेतृत्व में चारधाम यात्रा 2025 निर्बाध तीर्थ प्रबंधन हेतु अभिनव कंट्रोल रूम समाधान” नामांकन को 106वें स्कॉच समिट में सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार शासन और विकास के क्षेत्र में विशिष्ट एवं परिणाम-आधारित नवाचारों के लिए प्रदान किया जाता है।

यह सम्मान 28 मार्च 2026 को नई दिल्ली में आयोजित 106वें स्कॉच समिट के दौरान प्रदान किया जाएगा।

तकनीक आधारित प्रबंधन से मिली सफलता

चारधाम यात्रा के दौरान उत्तराखण्ड में प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। वर्ष 2025 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में यातायात प्रबंधन को सुचारु, सुरक्षित और तकनीक-आधारित बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने उन्नत कंट्रोल रूम सिस्टम, रियल-टाइम मॉनिटरिंग, डिजिटल समन्वय, इंटेलिजेंट रूट डायवर्जन तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को सुदृढ़ किया।

इस नवाचार के परिणामस्वरूप यातायात जाम में उल्लेखनीय कमी आई, तीर्थयात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हुई और आपात स्थितियों में त्वरित कार्रवाई संभव हो सकी।

पुलिस टीम को बधाई

उत्तराखण्ड पुलिस महानिदेशक और वरिष्ठ अधिकारियों ने इस उपलब्धि पर एसपी (ट्रैफिक) लोकजीत सिंह सहित पूरी ट्रैफिक पुलिस टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पूरी उत्तराखण्ड पुलिस के लिए प्रेरणादायी है और भविष्य में भी नवाचार आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा दिया जाता रहेगा।

चारधाम यात्रा जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में प्रभावी यातायात प्रबंधन राज्य की प्रशासनिक क्षमता और बेहतर समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *