राजधानी देहरादून में बुधवार सुबह तिब्बती मार्केट के पास दिनदहाड़े एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
पुलिस के अनुसार सुबह करीब 10:30 बजे कोतवाली डालनवाला को सूचना मिली कि तिब्बती मार्केट के निकट एक व्यक्ति को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी है। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायल को तत्काल उपचार के लिए दून अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान, पारिवारिक विवाद की भी जांच
मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा (निवासी इंदिरा नगर, थाना बसंत विहार, देहरादून) के रूप में हुई है। वह जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक का पारिवारिक व्यवसाय को लेकर विवाद चल रहा था। जानकारी के अनुसार उनकी माता ने पूर्व में उच्च न्यायालय से अपने पुत्र (मृतक) से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
स्कूटी सवार दो हमलावरों ने दिया वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना को स्कूटी सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें गठित
घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
