पुलिस ने कोतवाली नगर क्षेत्र में युवती की जघन्य हत्या से जुड़े प्रकरण में जांच को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से जांच शुरू कर दी है। नामित जांच अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक विशाखा अशोक भदाणे (आईपीएस) ने आज मामले की विस्तृत समीक्षा की।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर घटना से जुड़े सभी पहलुओं का गहन परीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार से भेंट कर उनका पक्ष गंभीरतापूर्वक सुना और आवश्यक बयान दर्ज किए। साथ ही घटना से संबंधित प्रत्येक महत्वपूर्ण बिंदु पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
एसपी विशाखा भदाणे ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि प्रकरण की जांच पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यपरक ढंग से की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच के दौरान किसी भी स्तर पर कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही या त्रुटि पाई जाती है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली नगर एवं पुलिस चौकी खुड़बुड़ा पहुंचकर मामले से संबंधित अभिलेखों, प्राप्त सूचनाओं तथा पुलिस रिस्पॉन्स से जुड़े दस्तावेजों का भी गहन अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि घटना के समय पुलिस की प्रतिक्रिया, प्राप्त सूचनाओं पर की गई कार्रवाई सहित सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है।
वहीं, पुलिस महानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था), उत्तराखण्ड ने जानकारी दी कि पुलिस मुख्यालय द्वारा इस संवेदनशील प्रकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखते हुए जांच की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।
