Uttarakhand: भ्रष्टाचार, अपराध और बेरोज़गारी के खिलाफ कांग्रेस का जन-जागरण अभियान, 16 फरवरी को राजभवन घेराव

उत्तराखंड में भ्रष्टाचार, महिला अपराध और बेरोज़गारी के मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश कांग्रेस ने तीन माह तक चलने वाले राज्यव्यापी जन-जागरण अभियान की घोषणा करते हुए 16 फरवरी को राजभवन घेराव का ऐलान किया है।

इस संबंध में आज उत्तराखंड कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति अध्यक्ष हरक सिंह रावत, सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा एवं मनोज यादव उपस्थित रहे। बैठक के उपरांत सभी नेताओं ने संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित किया।

भाजपा सरकार पर तीखा हमला

प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में भाजपा सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि राज्य आज भ्रष्टाचार, महिला अपराध, बेरोज़गारी और प्रशासनिक अराजकता के सबसे बुरे दौर से गुजर रहा है। नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में रिकॉर्ड तोड़ भ्रष्टाचार, अन्याय, उत्पीड़न और नौकरियों की बंदरबांट को ही अपनी पहचान बना लिया है।

तीन महीने चलेगा राज्यव्यापी जन-जागरण अभियान

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस, मुख्य विपक्षी दल होने के नाते, भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आगामी तीन महीनों तक जन-जागरण अभियान चलाएगी। इस अभियान में युवा, महिलाएं, किसान, कर्मचारी और बेरोज़गारों को जोड़ा जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने सत्ता को लूट, झूठ और दमन का औज़ार बना दिया है और राज्य भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला बन चुका है।

सरकार अपराधियों की संरक्षक बन गई: यशपाल आर्य

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि भाजपा सरकार की विफलता अब हर घर तक पहुंच चुकी है। किसान आत्महत्या कर रहे हैं और सरकार मूक दर्शक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सड़कों से लेकर सदन तक जनता की आवाज़ बुलंद करेगी।
आर्य ने अंकिता भंडारी हत्याकांड और नौकरियों की बंदरबांट का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा का “डबल इंजन” उत्तराखंड के लिए डबल अत्याचार बन चुका है।

उत्तराखंड की अस्मिता से विश्वासघात: हरीश रावत

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तराखंड की अस्मिता, संसाधनों और युवाओं के भविष्य के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब चुप नहीं बैठेगी और अगले तीन महीनों तक सरकार की एक-एक नाकामी जनता के सामने रखी जाएगी।
हरीश रावत ने प्रदेश के वर्तमान नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि यह नेतृत्व साहस, संवेदनशीलता और संघर्ष का प्रतीक है।

16 फरवरी को राजभवन घेराव

चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने जानकारी दी कि जन-जागरण अभियान की कड़ी में 16 फरवरी को प्रदेशभर के मुद्दों को लेकर राजभवन का घेराव किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक भाग लेंगे।
चुनाव प्रबंधन समिति अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने कहा कि संगठन पूरी तरह एकजुट है और यह आंदोलन गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचाया जाएगा।

संघर्ष और तेज़ होगा

सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के जनविरोधी शासन के खिलाफ संघर्ष और तेज़ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 16 फरवरी के राजभवन घेराव कार्यक्रम के संयोजक प्रीतम सिंह होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *