अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े चर्चित ऑडियो क्लिप और ब्लैकमेलिंग के मामलों में फंसी सहारनपुर की अभिनेत्री उर्मिला सनावर मंगलवार को देहरादून पहुंच गईं। जानकारी के अनुसार वह बुधवार को विशेष जांच टीम (एसआईटी) के समक्ष पेश होंगी।
बताया जा रहा है कि अभिनेत्री उर्मिला सनावर द्वारा सोशल मीडिया पर अंकिता हत्याकांड को लेकर वायरल किए गए ऑडियो क्लिप की अब एसआईटी गहन जांच करेगी। जांच के दौरान ऑडियो क्लिप की सत्यता, उसके स्रोत और इसके वायरल होने के पीछे की मंशा को लेकर पूछताछ की जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक, ऑडियो क्लिप के सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसआईटी को सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए गए हैं। अभिनेत्री से यह भी पूछा जा सकता है कि उक्त ऑडियो क्लिप उन्हें कैसे प्राप्त हुआ और इसे सार्वजनिक करने का उद्देश्य क्या था।
