अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से माता भगवती देवी शर्मा जन्म शताब्दी एवं अखंड दीप प्राकट्य शताब्दी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसके चलते बैरागी द्वीप में आज माता भगवती भोजनालय का विधिवत शुभारंभ शैलदीदी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन कर किया गया।
इस अवसर पर देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या, महिला मंडल प्रमुख शैफाली पण्ड्या सहित देश-विदेश से आए गायत्री परिवार के परिजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा, सेवा और संस्कारों से ओतप्रोत रहा।

शांतिकुंज के व्यवस्थापक योगेन्द्र गिरि ने बताया कि यह भोजनालय शताब्दी समारोह के समापन तक निरंतर संचालित रहेगा। यहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में स्वयंसेवी, कार्यकर्ता एवं आगंतुक माता जी के स्नेह और संस्कारों से परिपूर्ण सात्विक भोजन प्रसाद ग्रहण करेंगे। उन्होंने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर आगामी दिनों में एक अतिरिक्त भोजनालय का भी शुभारंभ किया जाएगा।
भोजनालय विभाग के प्रभारी जमना विश्वकर्मा ने जानकारी दी कि समारोह में सेवा देने वाले सभी स्वयंसेवियों के लिए भोजन प्रसाद की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके साथ ही समारोह में आने वाले विशिष्ट एवं अतिविशिष्ट अतिथियों तथा पत्रकारों के लिए भी अलग से भोजन व्यवस्था की गई है।
उल्लेखनीय है कि 20 जनवरी से 23 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाले इस विराट शताब्दी समारोह में भारत सहित विश्व के 30 से अधिक देशों से स्वयंसेवी एवं कार्यकर्ता सहभागिता करेंगे। वर्तमान में ही पांच हजार से अधिक स्वयंसेवी बैरागी द्वीप स्थित शताब्दी नगर में विभिन्न सेवा विभागों में सक्रिय रूप से सेवा कार्यों में लगे हुए हैं।
