Uttarakhand: देहरादून में बढ़ते हत्याकांडों के विरोध में युवा कांग्रेस का मशाल जुलूस

राजधानी में दिन-दहाड़े हो रही हत्या की घटनाओं के विरोध में युवा कांग्रेस ने शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से पुलिस मुख्यालय तक मशाल जुलूस निकालकर सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। यह जुलूस प्रदेश युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष विनीत प्रसाद भट्ट ‘बंटू’ के नेतृत्व में निकाला गया, जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत युवा कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में एकत्र हुए। यहां से गणेश गोदियाल के साथ कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मशाल लेकर पुलिस मुख्यालय की ओर मार्च किया।

इस दौरान गणेश गोदियाल ने कहा कि पिछले एक माह में देहरादून में लगातार हो रही हत्या और गंभीर आपराधिक घटनाओं से आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल है। उन्होंने कहा कि देवभूमि कहे जाने वाले उत्तराखंड की राजधानी में दिन-दहाड़े हो रही हत्याओं ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राजधानी में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और अपराधियों के मन से कानून का भय खत्म हो चुका है। उन्होंने हाल ही में हुई ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की हत्या, कोतवाली क्षेत्र में युवती की हत्या और अन्य घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि एक माह के भीतर कई जघन्य हत्याएं हो चुकी हैं, जिससे शहर में दहशत का माहौल बना हुआ है।

प्रदेश युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष विनीत भट्ट ने कहा कि संगठन देहरादून में हुई सभी हत्याओं की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग करता है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।

प्रदर्शन के दौरान महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल, प्रवक्ता सुजाता पॉल सहित कई पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *