वर्षवार नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन कर रही नर्सिंग एकता मंच की महिला अभ्यथियों ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सुबोध उनियाल के आवास के बाहर प्रदर्शन के दौरान अचानक फिनायल पी लिया। घटना के बाद मौके पर हड़कम मच गया और पुलिस-प्रशासन के साथ स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तत्काल सक्रिय हो गए।
जानकारी के अनुसार, नर्सिंग एकता मंच की महिला अभ्यर्थी लंबे समय से वर्षवार नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन कर रही हैं। इसी क्रम में वे स्वास्थ्य मंत्री के आवास के बाहर प्रदर्शन कर रही थीं। प्रदर्शन के दौरान कुछ महिलाओं ने विरोध स्वरूप फिनायल पी लिया, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य अधिकारियों ने तत्काल महिलाओं को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी रखी जा रही है।
नर्सिंग एकता मंच का कहना है कि वे लंबे समय से सरकार से वर्षवार नियुक्ति की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांग पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इससे नाराज होकर आंदोलन को और तेज किया गया है।
घटना के बाद स्वास्थ्य मंत्री आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई। वहीं, प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। आंदोलनकारी सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग पर अड़े हुए हैं।
